बेकाबू वाहन ने पांच गायें कुचली, दो की मौत
डबरा. हाइवे एनएच-७५ स्थित पिछोर तिराहे पर शनिवार की सुबह एक अज्ञात वाहन ने पांच गायों को टक्कर मार दी। जिसमें दो गायों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से गुस्साए गो सेवकों ने सुबह ६.३० बजे हाइवे पर जाम लगा दिया। सुबह ९ बजे प्रशासन की ओर से घायल पशुओं को उठाने के लिए वाहन उपलब्ध कराने के साथ मवेशीयों का तत्काल उपचार के लिए डॉक्टर की व्यवस्था किए जाने का आश्वासन दिया गया तब जाकर गोसेवक माने और जाम खोला गया। इस दौरान यातायात बाधित हुआ। गोसेवकों ने नगर पालिका के खिलाफ नारेबाजी की।

हाईवे पर आवारा मवेशियों को इनके मालिक फसलें खराब करने पर रात में छोड़ जाते हैं। इसी के चलते बड़ी संख्या में हाइवे पर ये जमा हो जाते हैं। शनिवार की सुबह एक अज्ञात वाहन ने ऐसे ही मवेशियों को अपनी रफ्तार का शिकार बनाया। तेज रफ्तार वाहन ने पांच गायों को टक्कर मार दी। इससे दो गायों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना से गुस्साए स्थानीय लोगों ने नगर पालिका के विरोध में जमकर नारेबाजी करते हुए घायल गायों के उपचार की मांग की। करीब तीन घंटे से अधिक समय तक जाम लगा। सूचना मिलने पर सिटी पुलिस पहुंची और गोसेवकों को समझाया। ज्यादा गंभीर घायल होने पर और नगर पालिका द्वारा समय पर वाहन नहीं भेजे और मौके पर पशु चिकित्सक के नहीं पहुंचने पर दो गायों की मौत हो गई।…