गोरखपुर में होली का जश्न:भाजपा की जीत और होली के रंग में डूबा गोरखपुर, भगवा हो गया शहर; खूब उड़े रंग- गुलाल, पुलिस की होली कल
राजेश श्रीवास्तव, अभय पाठक
गोरखपुर(संज्ञान न्यूज़)| उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एक दिन बाद यानी कि शनिवार को होली का जश्न मनाया जा रहा है। शहर के लोग एक ओर होली के जश्न में डूब हुए हैं। सुबह से ही लोग एक दूसरे को रंग गुलाल लगा रहे हैं।
कई जगहों पर युवाओं ने कपड़ा फाड़ होली भी खेली। कुछ युवा तो नकली बाल, मास्क लगाकर होली खेल रहे हैं और सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर डाल रहे है।
दूसरी ओर BJP के प्रचंड बहुमत से जीत के बाद योगी आदित्यनाथ के दोबारा मुख्यमंत्री बनने की खुशी मना रहे हैं। होली के रंग के साथ ही पूरा शहर भगवामय हो चला है। भगवान नरसिंह की शोभायात्रा में पूरा शहर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की होली देखने को उमड़ा है। शहर में कहीं होली पर मटकी फोड़ी जा रही है तो कहीं रंग- बि रंगे अबीर- गुलाल उड़ रहे हैं। हर कोई होली के रंग में रंगा नजर आ रहा है।
वहीं बीजेपी के जीते हुए विधायकों के घर भी लोग होली की बधाई देने जा रहे हैं। समर्थक अपने विधायकों को अबीर लगाकर सेल्फी ले रहे हैं। कई जगहों पर होली खेलने के बाद युवा डीजे पर डांस करते भी नजर आए।
उधर निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व एमएलसी संजय निषाद के घर लोगों के आने का तांता लगा हुआ है। संजय निषाद व बीजेपी विधायक उनके बेटे सरवन को लोग अबीर लगाकर होली की बधाई दे रहे हैं। 6 सीट जीतने के बाद निषाद पार्टी व संजय निषाद परिवार का राजनैतिक कद बढ़ गया है।
आज कर रहे ड्यूटी, कल खेलेंगे होली
वहीं पुलिस वालों की होली कल पुलिस लाइंस और थानों में होगी। दरअसल सीएम के जुलूस व होली त्योहार पर पुलिसवाले आज ड्यूटी कर रहे हैं। सकुशल शांतिपूर्ण त्योहार निपटने के बाद पुलिस लाइंस व थानों में होली मिलन का आयोजन रविवार को होगा। जहां पुलिसकर्मी होली खेलेंगे। पुलिस लाइंस की होली में एडीजी, डीआईजी, एसएसपी,एसपी सिटी समेत तमाम अधिकारी मौजूद रहेंगे। हालांकि तिवारीपुर थाने के दरोगा के गोली लगने से मौत के बाद पुलिस की होली फीकी हो गई है।