वैदिक मंत्रोच्चार से विजय संकल्प के साथ चुनावी कार्यालय का उदघाटन कर डॉ इरा श्रीवास्तव ने फूंका चुनावी बिगुल।

अनिल कुमार श्रीवास्तव

लखीमपुर खीरी (संज्ञान न्यूज़)। निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में शहर की लोकप्रिय नेता डॉ इरा श्रीवास्तव ने आज विजय अभियान की शुरुआत अर्जुनपुरवा वार्ड का सघन दौरा कर मतदाताओं से व्यापक जनसंपर्क के साथ किया। इस दौरान उन्होंने सेठघाट चौराहा स्थित तथागत लान में वैदिक मंत्रोच्चार से विजय संकल्प के साथ चुनाब कार्यालय का उदघाटन कर लखीमपुर नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए चुनावी बिगुल फूंका।
बेमौसम बरसात से बने खुशनुमा मौसम के बीच हल्की बूंदाबांदी के बीच चुनावी आगाज करते हुए आज डॉक्टर इरा श्रीवास्तव ने अर्जुनपुरवा वार्ड का सघन दौरा कर व्यापक जनसंपर्क किया। इस दौरान स्थानीय नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से उमड़े विशाल जनसैलाब ने नगर का हीरा, डॉक्टर इरा , नगर की जनता रही पुकार, डॉक्टर इरा अबकी बार, काम किया है काम करेंगे, झूंठे वादे नही करेंगे जैसे नारों से वातावरण को गुंजायमान कर दिया। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष की प्रत्याशी डॉ इरा श्रीवास्तव ने नगर विकास की प्रतिबद्धता दोहराते हुए गली गली, घर घर जाकर चूल्हे चौकों से लेकर बैठक कक्ष तक मतदाताओं से मतों की मनुहार की। उन्होंने अपने कार्यकाल की स्वर्णिम स्मृतियों का जिक्र करते हुए नगर विकास का वायदा भी किया। उन्होंने कहा कि शहर का विकास, हरा भरा, स्वच्छ एवं स्वस्थ्य रखना उनके एजेंडे में है।
इसके बाद सेठघाट चौराहा स्थित तथागत लॉन में पूरे विधि विधान से मंत्रोच्चार के साथ चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया। ईश्वर को साक्षी मानकर विजय संकल्प के साथ शुरू हुए इस चुनाव कार्यालय के उद्घाटन के अवसर पर जीवन के हर पल के साथी व उनके पति डॉ रवि श्रीवास्तव भी साथ रहे। शहर के बीचोबीच तथागत लॉन में स्थापित हुए इस चुनाव कार्यालय ने उनके कार्यकर्ताओ व नगरवासियों को जोश से भर दिया। यह कार्यालय लगभग सभी मोहल्लों के वासियों के लिए सुलभता की दृष्टि से चिन्हित किया गया था।
शाम चार बजे हाथीपुर कोठार का दौरा कर डॉ इरा ने समर्थकों के साथ अपने पक्ष में मतदान की अपील की। हाथीपुर की गलियों में लोगो से जनसम्पर्क के दौरान भावुक हुई डॉ इरा ने कहा कि आप लोगो ने हमारा कार्यकाल देखा है, यकीन मानिए उससे और कहीं बेहतर कार्यकाल मिलेगा। उन्होंने मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराने के साथ समस्याओं से निजात दिलाने की प्रतिबद्धता जाहिर की। उल्लेखनीय है कि विगत 2012 में जब केंद्र व प्रदेश में गैर भाजपा सरकारें थी उन दशाओं में ऐतिहासिक विजय दर्ज करवाते हुए डॉ इरा श्रीवास्तव ने यह लखीमपुर नगर पालिका अध्यक्ष की सीट भाजपा की झोली में डालकर अलग पहचान बनाई थी। उसके बाद अपने पंचवर्षीय कार्यकाल में उन्होंने कुशल नेतृत्व क्षमता, प्रशासनिक दक्षता एवं कुशल अनुशासन के बल पर नगरवासियों के दिलो पर अमिट छाप छोड़ी। 2017 के चुनावों में पार्टी से चुनावी आश्वसन मिलने के बाद इन्होंने चुनाव नही लड़ा। पांच वर्ष धैर्य के साथ पार्टी आश्वासन का इंतजार करते हुए निष्ठापूर्वक पार्टी में लगी रहीं और इस दौरान कई भाजपा की सफलताओं में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस बार भी इन्होंने भाजपा से प्रत्याशिता की थी लेकिन पार्टी ने इनका टिकट काट दिया और इन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में जनसहयोग से चैयरमैन पद की दावेदारी पेश की है। हालांकि टिकट न मिलने के कारण पर डॉ इरा श्रीवास्तव यही कहती हैं कि यह तो भाजपा ही जाने क्या कारण है।
उधर तमाम दबाव रूपी अवरोधों के बाद डॉक्टर इरा श्रीवास्तव के निर्दलीय नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनकी प्रत्याशिता स्थिति साफ होते ही नगर के कई सामाजिक व जातीय संगठन धीरे धीरे इनके समर्थन में आगे आने लगे हैं। तमाम अन्य दलों में आस्था रखने वाले कार्यकर्ता दल दल से ऊपर उठकर डॉ इरा की सकारात्मक राजनीति में विश्वास जताते हुए इनके पक्ष में मतदान की अपील कर रहे हैं।
कुलमिलाकर ताजपोशी किसकी सुनिश्चित होगी यह तो भविष्य के गर्भ में है लेकिन डॉ इरा श्रीवास्तव के निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में आने से स्थिति व परिणाम चौकाने वाले होंगे। कुछ मोहल्लों का सफल दौरा और उसमें उमड़ा जनसैलाब देखकर लगता है कि लखीमपुर नगर पालिका चुनाव में नई इबारत लिखेगा।

About Author

Leave a Reply

%d bloggers like this: