अपराध

पलिया में तहसील प्रशासन को ठेंगा दिखा रहा भू-माफिया, अवैध निर्माण फिर शुरू

दुधवा रोड पर स्थगन आदेश के बावजूद नगर पालिका की भूमि पर निर्माण, एफआईआर न होने से उठे सवाल

संवाददाता

पलिया कला,  (संज्ञान न्यूज)।नगर के दुधवा रोड स्थित नगर पालिका की करोड़ों रुपये मूल्य की भूमि पर एक स्कूल संचालक द्वारा कथित रूप से बार-बार अवैध निर्माण कराए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। स्थगन आदेश के बावजूद सोमवार को एक बार फिर निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश है।

बताया जाता है कि उपजिलाधिकारी (एसडीएम) डॉ. अवनीश कुमार द्वारा अब तक तीन बार मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य रुकवाया जा चुका है। इसके बावजूद संबंधित पक्ष द्वारा दोबारा निर्माण शुरू करा दिया जाता है। प्रशासनिक कार्रवाई के बाद भी निर्माण कार्य दोबारा शुरू होना कई सवाल खड़े कर रहा है।

स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि जब स्थगन आदेश प्रभावी है तो फिर निर्माण सामग्री और मजदूर मौके पर कैसे पहुंच जाते हैं। लोगों का कहना है कि यदि तहसील प्रशासन की मिलीभगत नहीं है तो बार-बार निर्माण कार्य शुरू होना गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने मांग की है कि मामले में जिम्मेदारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए भू-माफिया के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कराई जाए।

सूत्रों के अनुसार यह भूमि नगर पालिका की संपत्ति है और विवादित स्थल पर किसी भी प्रकार के निर्माण पर रोक के स्पष्ट आदेश हैं। इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रहने से प्रशासन की कार्यशैली पर प्रश्नचिह्न लग रहा है।

इस संबंध में जब संबंधित अधिकारियों से बात करने का प्रयास किया गया तो स्पष्ट जवाब नहीं मिल सका। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और लोग प्रशासन से ठोस कार्रवाई की अपेक्षा कर रहे हैं।

pranjal srivastava

Managing Editor

Copyright :

कृपया संपादक, लेखक की अनुमति के बिना किसी भी लेख की नकल ना करें । इस वेबसाइट पर प्रकाशित सभी स्वीकृत लेख www.sangyannews.com और संबंधित लेखकों को छोड़कर संपादकों द्वारा संपादित किया जाता है । लेख / समाचार आदि की नकल करने पर आपके खिलाफ कॉपीराइट एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कराया जा सकता है ।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!