आम जनता से सीधे संवाद के लिए बिहार पुलिस की नई पहलडीजीपी नियंत्रण कक्ष से अब सीधे दर्ज होंगी शिकायतें

ब्यूरो रिपोर्टें रंजीत कुमार
पटना/ गया जी (संज्ञान न्यूज)। बिहार पुलिस ने आम नागरिकों तक अपनी बात सीधे पहुंचाने और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से एक नई और सरल पहल की शुरुआत की है। अब लोगों को शिकायत, सुझाव या किसी भी तरह की परेशानी के लिए थाने या पुलिस कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। नागरिक सीधे पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नियंत्रण कक्ष से संपर्क कर सकते हैं।

पुलिस मुख्यालय की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, आपातकालीन सेवाओं के लिए पहले की तरह 112 हेल्पलाइन सक्रिय रहेगी। इसके अतिरिक्त, आम नागरिकों की सुविधा के लिए 9031829339 और 9031829340 दो नए संपर्क नंबर जारी किए गए हैं। इन नंबरों पर कॉल कर लोग पुलिस सेवाओं से संबंधित शिकायत दर्ज करा सकते हैं, सुझाव दे सकते हैं या किसी मामले में फीडबैक साझा कर सकते हैं।
पुलिस विभाग का दावा है कि इन माध्यमों से प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि जनता का भरोसा पुलिस व्यवस्था पर बना रहे। यह पहल पुलिस और आम जनता के बीच संवाद को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

पुलिस महानिदेशक विनय कुमार ने अपने संदेश में कहा है कि जनता की सक्रिय भागीदारी से ही पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और संवेदनशील बनाया जा सकता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे इन हेल्पलाइन सुविधाओं का अधिक से अधिक उपयोग करें और अपनी समस्याएं सीधे पुलिस तक पहुंचाएं, ताकि समय रहते उनका समाधान किया जा सके।




